नईदिल्ली,19 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 26 वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को उसी के घर में 6 विकेट से मात दे दी. 176 रनों के लक्ष्य को दिल्ली ने केएल राहुल के 57 और ट्रिस्टन स्टब्स के 60 रनों की बदौलत आसानी से 20वें ओवर में ही चेज कर लिया. आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 15 रनों की जरूरत थी. आरसीबी ने उस ओवर में गेंद रोमारियो शेफर्ड को थमा दी. मिलर और स्टब्स ने पहली दो गेंद पर दो सिंगल लिए. फिर तीसरी और चौथी गेंद पर मिलर ने दो छक्के मारकर स्कोर को बराबर कर दिया और पांचवीं गेंद पर चौका मारकर टीम को जीत दिला दी.
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 18 के स्कोर पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे. लेकिन स्टब्स और राहुल ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी करके पारी को संभाला. केएल राहुल 34 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए. उसके बाद अक्षर पटेल ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और पांचवें विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की. अक्षर 19 गेंद में 26 रन बनाकर रियार्ट हर्ट होकर पवेलियन लौट गए. उसके बाद मिलर बल्लेबाजी करने आए और आखिर में स्टब्स के साथ 24 गेंद में 45 रनों की साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी. मिलर 10 गेंद में 22 रन और स्टब्स 47 गेंद में 60 रन बनाकर नाबाद रहे.
आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या सबसे सफल और किफायती गेंदबाज रहे. भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि पांड्या ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट हासिल किया.
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 175 रनों बनाए. जिसमें फिल साल्ट ने सबसे ज्यादा 38 गेंद में 63 रन बनाए. इसके अलावा कोहली 13 गेंद में 19, पडिकल 13 गेंद में 18, टिम डेविड 17 गेंद में 26 और जितेश 20 गेंद में 14 रनों की छोटी पारी खेली.
दिल्ली की तरफ से कप्तान अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने 2-2 विकेट लिए. जबकि मुकेश कुमार एक विकेट लेने में सफल रहे. इस जीत के साथ दिल्ली अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया.
दिल्ली कैपिटल्स: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिलिप सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

