नईदिल्ली,19 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 27वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 59 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्हें जेमी ओवरटन ने आउट किया। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
अभिषेक ने 22 गेंदों का सामना किया और 59 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 268.18 की रही। पहले विकेट के लिए इस खिलाड़ी ने ट्रेविस हेड के साथ 5.5 ओवर में 75 रन जोड़ दिए थे। हेड का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। वह 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक इस मुकाबले से पहले राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खाता खोले बिना आउट हुए थे।
अभिषेक ने मुकाबले में अपना और हेड का रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले इन दोनों खिलाडिय़ों ने संयुक्त रूप से 16-16 गेंदों में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अर्धशतक लगाए थे। हेड ने 2 बार ये कारनामा किया था। हेनरिक क्लासेन ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। आईपीएल 2026 में अभिषेक ने दूसरी अर्धशतकीय पारी खेली। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 74 रन बनाए थे।
अभिषेक ने 83 मैच में 27.45 की औसत और 167.56 की स्ट्राइक रेट से 2,004 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141 रन रहा है। उनके बल्ले से 189 चौके और 118 छक्के निकले हैं। आईपीएल 2026 में इस खिलाड़ी ने 6 मैच में 31.33 की औसत और 229.27 की स्ट्राइक रेट से 188 रन बनाए हैं। उन्होंने इस संस्करण 15 चौके और 17 छक्के भी लगाए हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

