नईदिल्ली,19 अपै्रल (आरएनएस)। केंद्र सरकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद रहे दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त करने का फैसला लिया है। त्रिवेदी अनुभवी राजनयिक प्रणय वर्मा की जगह लेंगे, जो ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ में भारतीय राजदूत नियुक्त किए गए हैं। त्रिवेदी की नियुक्ति ऐसे समय हो रही है, जब भारत और बांग्लादेश के संबंधों में कड़वाहट आई है। भारत ने लंबे समय बाद बांग्लादेश में किसी राजनीतिक अधिकारी की नियुक्ति की है।
त्रिवेदी 2020-21 में पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद रहे हैं। इससे पहले वे बैरकपुर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। त्रिवेदी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सदस्य के रूप में यूपीए सरकार के दौरान रेल मंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने 12 फरवरी, 2021 को टीएमसी से इस्तीफा दे दिया था और 6 मार्च, 2021 को भाजपा में शामिल हो गए थे। वे कांग्रेस और जनता दल में भी रहे हैं।
मोहम्मद युनूस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में भारत और बांग्लादेश के संबंध खराब हुए हैं। इस दौरान खासतौर पर हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हुई हिंसा को लेकर दोनों देशों में विवाद रहा। दोनों देशों के बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के निर्वासन का मुद्दा भी विवाद की वजह रहा है। इसका असर कूटनीतिक संबंधों से लेकर व्यापार तक देखा गया। हालांकि, तारीक रहमान की नई सरकार ने संबंध सुधारने की दिशा में कुछ कदम उठाए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

