लखनऊ 19 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या-51) के 16 विषयों की लिखित पुनर्परीक्षा रविवार को प्रदेश के छह जनपदों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई। यह परीक्षा आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर एवं वाराणसी के कुल 50 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02:30 बजे से 04:30 बजे तक संचालित की गई।आयोग में स्थापित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से आयोग के अध्यक्ष डॉ0 प्रशान्त कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में सभी परीक्षा केन्द्रों की सघन निगरानी की गई। परीक्षा केन्द्रों पर लगाए गए कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी गई। प्रदेश के सभी केन्द्रों पर परीक्षा नकलविहीन, शुचितापूर्ण, समयबद्ध तथा निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हुई।आयोग के अध्यक्ष एवं वरिष्ठतम सदस्य द्वारा प्रयागराज के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण भी किया गया। इसके साथ ही आयोग द्वारा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल के तहत पायलट प्रोजेक्ट लागू किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत प्रयागराज के निर्धारित पांच परीक्षा केन्द्रों पर प्रत्येक पाली की परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद परीक्षार्थियों द्वारा प्रयुक्त उत्तर पत्रकों की उनके परीक्षा कक्षों में ही कक्ष निरीक्षक एवं अभ्यर्थियों की उपस्थिति में स्कैनिंग कराई गई। स्कैनिंग के उपरांत डाटा को तत्काल सुरक्षित करने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई।पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रयागराज के तीन परीक्षा केन्द्र—मेरी वानामेकर गल्र्स इंटरमीडिएट कॉलेज, कर्नलगंज इंटर कॉलेज टैगोर टाउन तथा प्रयाग महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस—पर आयोग के अध्यक्ष ने स्वयं उपस्थित होकर स्कैनिंग प्रक्रिया की समीक्षा की और इसकी पारदर्शिता सुनिश्चित की।इस परीक्षा के सफल संचालन में संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। 18 अप्रैल, 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 19,718 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला अभ्यर्थियों का प्रतिशत 41.35 तथा पुरुष अभ्यर्थियों का प्रतिशत 58.64 रहा। वहीं 19 अप्रैल, 2026 को आयोजित परीक्षा में कुल 19,474 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें महिला अभ्यर्थियों का प्रतिशत 30.93 तथा पुरुष अभ्यर्थियों का प्रतिशत 69.07 दर्ज किया गया।इस प्रकार 18 एवं 19 अप्रैल, 2026 को आयोजित दोनों दिनों की लिखित पुनर्परीक्षा में कुल 39,192 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। आयोग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भविष्य में भी तकनीकी नवाचारों के माध्यम से परीक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

