भिलाई, 20 अप्रैल (आरएनएस)। शहर के वैशाली नगर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने माहौल गर्मा दिया। 21 वर्षीय युवती अनामिका उपाध्याय द्वारा इंस्टाग्राम पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक रील पोस्ट किए जाने के बाद अंबेडकर समर्थकों में तीव्र आक्रोश देखने को मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी और अंबेडकरवादी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता भिलाई नगर थाने पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, युवती पर पहले भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और समाज-विरोधी भाषा का प्रयोग करने के आरोप लग चुके हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के दुरुपयोग और संवेदनशील विषयों पर की जाने वाली टिप्पणियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

