रायपुर,20 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। हाल ही में पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के बाद एहतियात के तौर पर राज्य शासन, भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है और नियमित समीक्षा की जा रही है।जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मार्च और अप्रैल माह में आवश्यकतानुसार सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। राज्य में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और डिपो में भी पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है।इसी तरह पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी सुचारू रूप से जारी है। प्रदेश में संचालित पेट्रोल पंपों और डिपो में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, जिससे आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।सरकार ने यह भी बताया कि कुछ स्थानों पर अफवाहों के कारण असामान्य रूप से ईंधन की मांग बढ़ी थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है।साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए राज्य के सभी जिलों में लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। अब तक कई स्थानों पर छापेमारी कर सिलेंडर जब्त किए गए हैं और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई है।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन का उपयोग करें। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

