सीएम डैशबोर्ड (राजस्व कार्य) एवं कर-करेत्तर की हुई समीक्षा बैठक
अयोध्या 20 अप्रैल (आरएनएस)। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड (राजस्व कार्य) एवं कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमित कुमार भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी श्री गजेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं कर-करेत्तर कार्यों की समीक्षा करते हुए आबकारी, परिवहन, खनन, विद्युत, नगर निगम एवं संपत्ति नामांकन आदि विभागों की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अगली बैठक से पूर्व प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि तहसीलदारों की पृथक बैठक आयोजित कर गहन समीक्षा की जाए, जिससे जनपद की रैंकिंग में सुधार हो सके। साथ ही खनन, मंडी एवं परिवहन विभाग को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वसूली प्रमाण पत्र की धीमी प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे तहसीलदारों के कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

