0छत्तीसगढ़ में एक साथ पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिकाएं सहित कई सिस्टम
रायपुर, 21 अप्रैल (आरएनएस)। पूरे छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच अब मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक साथ कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनमें पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय परिसंचरण और द्रोणिकाएं शामिल हैं। इनके प्रभाव से जहां एक ओर तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
लू चलने की चेतावनी जारी की गई
रायपुर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मध्य छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
कुछ जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका
वहीं बस्तर और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। रायपुर में भी तापमान 42.8 डिग्री तक पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार से पांच डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे रात में भी राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद फिर से गर्मी बढऩे की संभावना है।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और सूरजपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है।
लू और गर्म रातें बढ़ाएंगी परेशानी
मध्य छत्तीसगढ़ में अगले चार से पांच दिनों तक लू चलने की संभावना है। इसके साथ ही ‘उष्ण रात्रिÓ की स्थिति भी बन सकती है, जिसमें रात का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहता है। इससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलती।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

