लखनऊ 21 April, (Rns): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने प्रेम प्रसंग के शक में अपनी ही नाबालिग बेटी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद हैवान बने पिता ने बेटी की पहचान मिटाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया और शव को बाराबंकी की शारदा नहर में फेंक दिया। चिनहट थाना क्षेत्र से जुड़े इस खौफनाक हत्याकांड के खुलासे ने हर किसी को सन्न कर दिया है।
खुद रची गुमशुदगी की कहानी, पुलिस की सख्ती से खुला राज
इस सनसनीखेज मामले में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह रही कि कातिल पिता ने हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की। आरोपी पिता ने खुद 16 अप्रैल को चिनहट थाने पहुंचकर अपनी बेटी के रहस्यमय तरीके से गायब होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन, पुलिस जांच के दौरान जब कड़ियां जुड़ने लगीं, तो पिता के बयानों में विरोधाभास नजर आया। पुलिस का शक गहराने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 14 अप्रैल को बेटी को अपने साथ ले गया था और वहीं उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
झाड़-फूंक के बहाने ले गया सुल्तानपुर, नींद में घोंटा गला
चिनहट पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में मुख्य आरोपी पिता विजय चौबे और इस खौफनाक साजिश में उसका साथ देने वाले उसके दोस्त अब्दुल मन्नान को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी विजय ने बताया कि उसे शक था कि उसकी बेटी का किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है, जिससे वह काफी नाराज था। इसी बात को लेकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर बेटी की हत्या का पूरा प्लान तैयार किया। साजिश के तहत उन्होंने पहले एक गाड़ी किराए पर ली। इसके बाद वह झाड़-फूंक करवाने का बहाना बनाकर बेटी को सुल्तानपुर ले गया। रात में उन्होंने एक ढाबे पर खाना खाया और वहीं रुक गए। अगले दिन वापसी के दौरान वे काफी देर तक सड़कों पर गाड़ी घुमाते रहे और रात होने का इंतजार किया। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच जब बेटी गाड़ी की पिछली सीट पर गहरी नींद में सो रही थी, तभी पिता ने उसका गला घोंटकर उसे मार डाला।
पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर डाला तेजाब, नहर में फेंकी लाश
आरोपी विजय चौबे ने पुलिस के सामने रूह कंपा देने वाला कबूलनामा देते हुए बताया कि वे हत्या के इरादे से अपने साथ तेजाब भी लेकर गए थे। हत्या करने के बाद, कोई उनकी बेटी की लाश की शिनाख्त न कर सके, इसलिए उन्होंने उसके चेहरे और मुंह पर तेजाब डाल दिया। इसके बाद उन्होंने शव को ले जाकर बाराबंकी से गुजरने वाली शारदा नहर में फेंक दिया और चुपचाप वापस लौट आए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ शव की तलाश भी तेज कर दी है।

