रायपुर, 21 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी के घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतका की पहचान गुढिय़ारी निवासी 19 वर्षीय कविता दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना संतोषी नगर स्थित उसके प्रेमी महफ़ूज़ ख़ान के घर में हुई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 की देर रात कविता और महफ़ूज़ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद युवती ने कथित तौर पर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों का आरोप
मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महफ़ूज़ ख़ान कविता पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और उसके साथ मारपीट भी करता था। इसी मानसिक प्रताडऩा के कारण युवती ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पुलिस की कार्रवाई
टिकरापारा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी महफ़ूज़ ख़ान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में धारा 108 के तहत केस दर्ज किया है।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारण और घटना की पूरी सच्चाई जानने के लिए सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और युवाओं के बीच मानसिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

