महासमुंद, 21 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक बस यात्री के पास से लाखों रुपये की चांदी जब्त की है। जब्त चांदी की कुल कीमत करीब 46 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान मिली बड़ी सफलता
यह कार्रवाई एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की गई, जहां पुलिस नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही श्री श्याम ट्रैवल्स बस को रोककर तलाशी ली गई।
बैग में मिली 18 किलो से ज्यादा चांदी
जांच के दौरान एक यात्री के नीले रंग के पि_ू बैग की तलाशी ली गई, जिसमें तीन प्लास्टिक डिब्बों में 600 नग चांदी की पायल बरामद हुईं। इनका कुल वजन 18.590 किलोग्राम बताया गया है।
दस्तावेज नहीं दिखा सका यात्री
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष), निवासी कटक (ओडिशा) बताया। हालांकि वह चांदी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने पहले धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया। इसके बावजूद कागजात नहीं मिलने पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत पूरी चांदी जब्त कर ली गई।
आयकर और डीआरआई को दी गई सूचना
पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध आर्थिक लेन-देन या अवैध आभूषण परिवहन से जुड़ा हो सकता है। इस संबंध में आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (डीआरआई) को भी सूचना भेजी गई है, ताकि मामले की गहराई से जांच हो सके।
जांच जारी, बड़े नेटवर्क की आशंका
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चांदी कहां से लाई गई और कहां पहुंचाई जानी थी। अधिकारियों का मानना है कि मामला बड़े स्तर पर अवैध व्यापार से जुड़ा हो सकता है।
सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई सख्ती
सिंघोड़ा पुलिस का कहना है कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध नकदी और कीमती धातुओं के परिवहन पर रोक लगाई जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

