कोण्डागांव,21 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गांववार सर्वे कार्यों को जल्द पूर्ण करने हेतु सभी जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ जांच के प्रगति की समीक्षा की और गांव-गांव में स्वास्थ्य जांच अभियान के साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों, आश्रम छात्रावासों में भी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य जांच के दौरान चिन्हांकित लेप्रोसी के मरीजों के इलाज के साथ उस क्षेत्र में प्राथमिकता से रोकथाम हेतु सघन जांच करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में लंबित जन्म प्रमाण पत्र के प्रकरणों को लेकर सख्त निर्देश दिए कि जन्म प्रमाण पत्र समय-सीमा में बनाकर उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही उन्होंने आधार कार्ड और अपार आईडी निर्माण को लेकर भी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने खाद की उपलब्धता की जानकारी देते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को कालाबाजारी को लेकर सतर्क रहने और लगातार जांच करने हेतु निर्देशित किया, ताकि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों में राशन सामग्री का भंडारण के प्रगति के साथ धान उठाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान, जल जीवन मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और ई ऑफिस का बेहतर संचालन के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

