रायपुर,22 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में लिफ्ट व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। हाल ही में IAS अधिकारी ऋचा शर्मा के लिफ्ट में फंसने की घटना के बाद अब कांग्रेस प्रवक्ता नितिन भंसाली भी इसी तरह की परेशानी का सामना कर चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पूरे कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार, इस बड़े व्यावसायिक परिसर में लगभग 850 दुकानें और कार्यालय संचालित हो रहे हैं, लेकिन यहां सिर्फ 4 लिफ्ट उपलब्ध हैं। इनमें से भी केवल 2 लिफ्ट ही किसी तरह चालू हालत में हैं, जबकि बाकी लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी हैं। जो लिफ्ट चल रही हैं, वे भी बार-बार खराब हो जाती हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।लिफ्ट की कमी के कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है और कई बार काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। इससे रोजाना अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन जाती है।सबसे गंभीर बात यह है कि लिफ्ट के अंदर कोई हेल्पलाइन नंबर या आपातकालीन सुविधा सही तरीके से उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में लिफ्ट फंसने पर लोग खुद ही बाहर निकलने की कोशिश करते हैं, जो और भी खतरनाक साबित हो सकता है।गौरतलब है कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे ्रष्टस् ऋचा शर्मा लगभग 10 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं। उस दौरान लिफ्ट में न पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की व्यवस्था, जिससे उन्हें घबराहट का सामना करना पड़ा। काफी प्रयास के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कई बार लिफ्ट फंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।लगातार हो रही इन घटनाओं ने कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक सख्त कार्रवाई करते हैं या फिर यह लापरवाही यूं ही जारी रहती है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

