मुंगेली, 23 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक दंपत्ति की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी (56 वर्ष) और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी (48 वर्ष) अपनी बेटी की शादी के लिए मुंगेली शहर से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही फास्टरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्राम लगरा में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा छा गया है। परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम है, जिससे अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

