जगदलपुर 24 अप्रैल (आरएनएस) बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अटूट लोक आस्था के प्रतीक मड़ई उत्सव इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बकावंड ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम कोर्टा झिटकागुड़ा पारा में भव्य मड़ई का आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें बस्तर सांसद महेश कश्यप सपरिवार शामिल हुए। सांसद ने अपने परिवार के साथ ग्राम के आराध्य देवी-देवताओं के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने बस्तर की परंपराओं का पालन करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और समस्त ग्रामवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम देवी-देवता बस्तर की संस्कृति के आधार स्तंभ हैं और मड़ई जैसे उत्सव आपसी मेल-मिलाप एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन में जिला पंचायत सदस्य वनवासी मौर्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडेय, गंजामी बघेल सहित स्थानीय पंच-सरपंच एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

