नईदिल्ली,25 अपै्रल (आरएनएस)। राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी (आप) के 3 राज्यसभा सांसदों ने बीते दिन पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। राघव का दावा है कि 4 और सांसद भाजपा में शामिल होंगे। अब खबर आई है कि बागी सांसदों को मनाने के लिए पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उनसे चर्चा करना चाही थी। हालांकि, इससे पहले ही सभी सांसद भाजपा में शामिल हो गए। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, केजरीवाल ने अगले कार्यकाल में 6 में से कम से कम 5 नेताओं को टिकट देने का वादा किया था। हालांकि, उन्होंने शर्त रखी थी कि वे किसी कारण से खुश नहीं हैं, तो अभी पार्टी छोड़ सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल ने शुक्रवार शाम को चर्चा के लिए उन्हें अपने घर बुलाया था, लेकिन यह बैठक हो ही नहीं पाई, क्योंकि सांसदों ने शुक्रवार को ही पार्टी छोडऩे की घोषणा कर दी।
सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल ने सांसदों से कहा, अगर आपको कोई आशंका है, तो आपको अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए और आपको अगले कार्यकाल में फिर से टिकट दिए जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल के साथ बैठक का बुलावा आने से पहले सांसदों ने पार्टी छोडऩे की योजना बनाने के लिए एक सामूहिक तौर पर कोई बैठक नहीं की थी। हालांकि, व्यक्तिगत रूप से सभी ने पार्टी छोडऩे का फैसला कर लिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, बगावत की शुरुआत राघव की ओर से हुई थी, जब आप ने उन्हें राज्यसभा में उपनेता के पद से हटाया था।
सूत्रों के हवाले से बताया कि इस घटनाक्रम के बाद राघव ने अन्य सांसदों से संपर्क साधा। इनमें से राघव, अशोक मित्तल और संदीप पाठक कल भाजपा में शामिल हो गए। राघव का कहना है कि स्वाति मालिवाल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत साहनी और राजिंदर गुप्ता भी जल्द भाजपा में शामिल होंगे।
राघव ने कहा कि आप अपने मूल सिद्धांतों का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, जिस आप को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और जिसे मैंने जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से पूरी तरह भटक गई है। पिछले कुछ सालों से मुझे महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं। इसलिए मैं आप से दूरी बना रहा हूं और जनता के करीब जा रहा हूं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

