हैदराबाद,25 अपै्रल (आरएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से निकाले जाने के बाद के कविता ने खुद की राजनीतिक पार्टी लॉन्च की है। इसका नाम तेलंगाना राष्ट्र सेना (टीआरएस) रखा गया है। कविता तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और बीआरएस के प्रमुख के चंद्रशेखर राव की बेटी हैं। ये घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब 7 महीने पहले कविता को बीआरएस से निकाल दिया गया था। अब उन्होंने नई पार्टी लॉन्च कर दी है।
कविता ने कहा, हम पीछे नहीं हटेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए; अब समय आ गया है तेलंगाना की जनता अपनी बात कहे। हम अपनी आकांक्षाओं को मिटने नहीं देंगे; अगर तुम हमारे रास्ते में आए, तो राख बनकर रह जाओगे। उन्होंने कहा, मैं तेलंगाना की बेटी हूं। मेरे खून में तेलंगाना है, तेलंगाना का जज्बा है। हम बहुत दृढ़ हैं, अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं। हमने अपने जीवन के 20 साल तेलंगाना आंदोलन में बिताए हैं।
सितंबर, 2025 में बीआरएस ने कविता को पार्टी से निकाल दिया था। तब पार्टी के महासचिव टी रविंदर राव ने कहा था, पार्टी एमएलसी के कविता के हालिया व्यवहार और चल रही पार्टी विरोधी गतिविधियों से बीआरएस पार्टी को नुकसान हो रहा है। इसलिए पार्टी नेतृत्व इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। पार्टी अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव ने के कविता को तत्काल पार्टी से निलंबित करने का निर्णय लिया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

