0 करोड़ों का था अवैध कारोबार
दुर्ग, 25 अप्रैल (आरएनएस)। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के 5 मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया है, जो गोवा, रायपुर और दुर्ग सहित विभिन्न राज्यों से अवैध सट्टा नेटवर्क चला रहे थे।
यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में दर्ज अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत की गई। मामले में धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और 112(2) बीएनएस के तहत जांच जारी थी। इससे पहले भी इस प्रकरण में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। आगे की तकनीकी और वित्तीय जांच में पुलिस ने गिरोह के बड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाते हुए 5 और आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल रंगवानी (26), देवपुरी, रायपुर
सोविंद यादव उर्फ राजू यादव (26), प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
संदीप कापसे (25), गोंदिया, महाराष्ट्र
अमन अली (23), गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई
हुसैन अली (21), गौतम नगर, खुर्सीपार, भिलाई
रोजाना लाखों का खेल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी इंटरनेट, व्हाट्सएप कॉल और इंस्टाग्राम कॉल के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरोह रोजाना करीब 10 से 15 लाख रुपये का लेन-देन करता था, जबकि आईपीएल सीजन में यह आंकड़ा हर महीने 4 से 5 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता था।
भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड, 10 चेकबुक, 1 वाई-फाई राउटर, 5 सिम कार्ड, 2 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड और ?2.70 लाख नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराधों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अवैध सट्टा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

