जौनपुर ,25 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों के लिए लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है। जिले के 19 केंद्रों पर 50 हजार 400 अभ्यर्थी यह परीक्षा में भाग ले रहे है। यह परीक्षा 27 अप्रैल तक चलेगी, जिसके लिए प्रशासन ने नकल विहीन आयोजन के पुख्ता इंतजाम किए हैं।परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 8 हजार 400 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी चालू रखे गए हैं। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य परीक्षा सहायकों की तैनाती की गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर के कुछ अधिकारियों को आरक्षित वर्ग में भी रखा गया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी और सभी केंद्र व्यवस्थापकों को गर्मी के मद्देनजर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। तेज धूप को देखते हुए, दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।लू और गर्मी से बचाव के लिए प्रत्येक केंद्र पर ओआरएस, इलेक्ट्रॉल पाउडर और आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पडऩे पर तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके। परीक्षार्थियों के लिए गुड़ और पेठा जैसी राहत सामग्री भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उन्हें तेज गर्मी में कुछ राहत मिल सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

