रायपुर, 26 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत दौंदेकला गांव में एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा की चपेट में आने से 4 वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार यह घटना पूर्व उपसरपंच ढेलूराम वर्मा की पुत्री के विवाह समारोह के दौरान हुई। शादी में चूलमाटी की रस्म चल रही थी, जिसमें महिलाएं और परिजन पैदल एक स्थान से दूसरे स्थान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के रास्ते से गुजर रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने अचानक नियंत्रण खो दिया और मां-बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग चीख-पुकार करते हुए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में स्थित औद्योगिक इकाइयों के भारी वाहन अक्सर गांव के रास्तों से तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

