कांकेर, 12 जून (आरएनएस)। अंतागढ़ विकासखंड के कलगांव में शुक्रवार को मौसम का अचानक बदला मिजाज ग्रामीणों पर भारी पड़ गया। मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण कार्य में जुटे दर्जनों मजदूरों के बीच आकाशीय बिजली गिरने से तीन पुरुष मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं घायल हो गईं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कलगांव में मनरेगा योजना के अंतर्गत तालाब गहरीकरण का कार्य चल रहा था, जहां करीब 70 ग्रामीण मजदूरी कर रहे थे। दोपहर के दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। मजदूर संभल पाते, इससे पहले ही जोरदार गडग़ड़ाहट के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आठ लोग आ गए। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतागढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच महिलाओं का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

