सुकमा,26 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के लिए गौरव का क्षण है, जहाँ जिले के दो उत्कृष्ट शिक्षकों लोकनाथ साहू (पीएम श्री सेजेस बालक स्कूल, सुकमा) एवं नसरीन सिद्दीकी (शासकीय प्राथमिक शाला रानीबहाल, छिंदगढ़) को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान 2025-26 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नवाचारी गतिविधियाँ समूह छत्तीसगढ़ टीम द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान सह शैक्षिक संप्रवाह 2025-26 कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान किया गया, जो 25 अप्रैल 2026 को स्वामी आत्मानंद प्रो. जे.एन. पांडेय शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर में आयोजित हुआ। इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के 160 शिक्षकों को नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख अतिथियों में प्राचार्य सुचिता पांडे, उप सचिव डॉ. बी. रघु, उप संचालक ए.के. सारस्वत, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती तथा डी.एम.सी. अरुण कुमार शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप सचिव डॉ. रघु ने कहा कि शिक्षकों को विजन, मिशन और लक्ष्य के साथ कार्य करते हुए गुणवत्ता को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा नवाचार में सामुदायिक सहभागिता को जोडऩा आवश्यक है। अन्य राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान एवं अंडमान-निकोबार के शिक्षकों की लाइव प्रस्तुतियाँ भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।सम्मानित शिक्षक लोकनाथ साहू एवं नसरीन सिद्दीकी को यह पुरस्कार उनके सतत नवाचार, शिक्षा को सरल व प्रभावी बनाने हेतु किए गए प्रयोगों, कठिन परिश्रम, निष्ठा और लगन के लिए प्रदान किया गया। चयनित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर भी मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समूह प्रमुख संजीव कुमार सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ एडमिन टीम एवं सुकमा जिला एडमिन टीम वैशाली झंवर तथा हेमशंकर नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला शिक्षा कार्यालय सुकमा, विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों में इस उपलब्धि से खुशी की लहर है और दोनों शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

