कोरबा 27 अपै्रल (आरएनएस)। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल निहारिका क्षेत्र स्थित शराब दुकान के सामने आए दिन हो रही मारपीट की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। मुख्य मार्ग पर स्थित इस दुकान के आसपास हर रोज भीड़ उमड़ रही है, जिससे न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है बल्कि क्षेत्र का माहौल भी असुरक्षित होता जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शराब के नशे में धुत लोगों के बीच अक्सर विवाद और हाथापाई की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों, खासकर महिलाओं के लिए निकलना मुश्किल हो गया है। शाम होते ही माहौल और भी तनावपूर्ण हो जाता है, जिससे आसपास के दुकानदारों में भय और नाराजगी देखी जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि रोजाना लगने वाली भीड़ और मारपीट के कारण उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। ग्राहक इस क्षेत्र में आने से कतराने लगे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए। नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक होने पर दुकान के स्थानांतरण जैसे कदम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

