गरियाबंद, 27 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में गांजा तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है। आमतौर पर खेतों में उगाया जाने वाला गांजा इस बार नहर में बहता हुआ मिला, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहतरा और अतरमरा के बीच स्थित नहर में स्थानीय लोगों ने गांजा से भरे पैकेट बहते हुए देखे। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पाण्डुका थाना पुलिस ने एक-एक कर कुल 17 पैकेट बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में इन पैकेटों में करीब 68 किलो से अधिक गांजा होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी गई है। बताया जा रहा है कि यह नहर नेशनल हाईवे 130 से करीब 5 किलोमीटर दूर फिंगेश्वर वितरक शाखा क्षेत्र में स्थित है।
पुलिस का मानना है कि तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गांजा से भरे पैकेट नहर में फेंक दिए होंगे। फिलहाल, आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
यह घटना इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि नहर के जरिए गांजा परिवहन या ठिकाने लगाने का यह संभवत: पहला मामला है। पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि कहीं तस्करों ने यह कोई नया तरीका तो नहीं अपनाया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

