जगदलपुर में बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बोधघाट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नयामुण्डा इंडस्ट्रियल एरिया में कुछ लोग स्कूटी के माध्यम से नशीली दवाओं की बिक्री करने पहुंचे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को मौके से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ट्रामाडोल और अन्य प्रतिबंधित कैप्सूल के कुल 60 पत्ते बरामद किए गए। जब्त नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 92 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करी में उपयोग की जा रही स्कूटी और नकद राशि भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह युवाओं को नशे की लत में धकेलने का काम कर रहा था। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

