बिलासपुर 26 अप्रैल (आरएनएस) मस्तूरी क्षेत्र की चौकी मल्हार पुलिस ने एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को महज 7 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है, जहां आरोपी ने बेहद चालाकी से लिफ्ट मांगकर वारदात को अंजाम दिया था। मामला 20 अप्रैल 2026 का है, जब प्रार्थी भारत लाल केवट, निवासी ग्राम पकरिया थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा, अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BH 4552 से ससुराल वेदपरसदा मस्तूरी आया हुआ था, वापसी के दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी और बुढ़िखार गांव पहुंचते ही उसने पानी पाउच लाने का बहाना बनाकर प्रार्थी को होटल भेज दिया, जैसे ही प्रार्थी दुकान की ओर गया, आरोपी मौके का फायदा उठाकर बाइक लेकर फरार हो गया और कुछ ही पलों में गायब हो गया। पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच शुरू की, फुटेज खंगाले गए, संदिग्ध की तस्वीर निकाली गई और अलग-अलग गांवों में लोगों को दिखाकर पहचान की कोशिश की गई, इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम गीधपुरी निवासी नरोत्तम दास वैष्णव (उम्र 55 वर्ष) ने चोरी की बाइक को अपने घर में कपड़े से ढंककर छुपा रखा है, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी के घर से मोटरसाइकिल बरामद कर ली, जिसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज, आरक्षक किशन राय और आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की अहम भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर नेटवर्क के सहारे केस को सुलझाया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और बाइक को जब्त कर लिया गया है, ग़ौरतलब है कि छोटी सी लापरवाही कैसे बड़े नुकसान में बदल सकती है, लेकिन सतर्क पुलिस और लगातार निगरानी अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर देती है।


