0 एक महीने से लगातार मूवमेंट; ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट
बलरामपुर, 27 अप्रैल (आरएनएस)। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में हाथियों का बड़ा दल पिछले एक माह से लगातार सक्रिय है। जानकारी के अनुसार, करीब 22 हाथियों का झुंड रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।
यह दल शिवपुर, फुलवार, लोधा और महावीरगंज सहित कई इलाकों में लगातार घूम रहा है। कई बार हाथियों का समूह मुख्य सड़कों तक पहुंच गया, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई और आवाजाही प्रभावित हुई।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। इसके बावजूद चेतावनी के बाद भी कुछ लोग जंगल की ओर जा रहे हैं, जिससे जोखिम और बढ़ गया है।
स्थिति को देखते हुए प्रभावित गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के मूवमेंट वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं।
0

