= सुरेश मिनोचा =
कोरिया, 27 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई।
इस परीक्षा के लिए कुल 4,855 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,203 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,652 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सख्त व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए गए थे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। अभ्यर्थियों को पूर्व में ही सलाह दी गई थी कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें, ताकि तलाशी (फ्रिस्किंग) और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। साथ ही, एक दिन पहले परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने की भी सलाह दी गई थी।
जिले में विभिन्न स्थानों पर कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त किए गए थे, जिन्हें प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और परीक्षा के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
0

