0 नशे की लत और पारिवारिक विवाद बना वजह, वारदात से इलाके में दहशत
डोंगरगढ़, 27 अप्रैल (आरएनएस)। धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना से सन्न रह गई है। वार्ड क्रमांक 24, कश्मीरी पारा में एक युवक ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपनी ही दादी की निर्मम हत्या कर दी। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने धारदार चाकू से अपनी बुजुर्ग दादी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और उसका अपनी दादी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। कई बार दोनों के बीच मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी थीं। ऐसे में प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव और नशे की लत को इस जघन्य वारदात का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

