0 घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित उतारा गया
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 27 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिल्दा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक 33 केवी हाईटेंशन लाइन के करीब 400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर ऊपर जा बैठा। युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय केवल सिंह आयाम अपनी पत्नी से नाराज था। उसकी पत्नी बीते 3-4 दिनों से गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित विवाह कार्यक्रम में गई हुई थी और वापस नहीं लौटी थी। इसी बात से आक्रोशित होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक टावर के शीर्ष पर पहुंचकर करीब 2 से 3 घंटे तक वहीं बैठा रहा। इस दौरान नीचे खड़े परिजन और ग्रामीण उसे लगातार समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल बिजली विभाग से संपर्क कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लंबी समझाइश और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ मौजूद रही और सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी रहीं। पुलिस ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और उससे पूछताछ की जा रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

