= सुरेश मिनोचा =
बैकुण्ठपुर, 27 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनरेगा के तहत नवा तरिया निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू हो गया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत कोरिया जिले के 15 ग्राम पंचायतों में नए तालाबों के निर्माण और पुराने तालाबों के पुनरुद्धार का कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बीते दो दिनों के दौरान सभी चयनित स्थलों पर पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भूमिपूजन और देवपूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस पहल से जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे।
सोनहत जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत मेण्ड्रा में सरपंच कबीरदास की उपस्थिति में लगभग 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले तरिया का भूमिपूजन किया गया। 19 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह तालाब 25 वनवासी परिवारों को आजीविका का साधन प्रदान करेगा तथा लगभग 6 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके निर्माण से 6000 से अधिक मानव दिवस का सृजन भी होगा।

इसी तरह ग्राम पंचायत मधौरा में सरपंच अमर साय सेलार द्वारा 4500 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले नवा तरिया का शुभारंभ किया गया। 19 लाख रुपए की लागत वाले इस कार्य से 4463 मानव दिवस का रोजगार सृजित होगा और लगभग 20 परिवारों को लाभ मिलेगा, साथ ही 7 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बढ़ेगी।
जनपद पंचायत बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत गढ़तर में भी पारंपरिक पूजा के साथ कार्य प्रारंभ किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि तालाब सदियों से जल संरक्षण के प्रभावी माध्यम रहे हैं। नवा तरिया योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण अनुकूल जल संरचनाएं विकसित होंगी, जिससे जल उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
0

