रायपुर,27 अप्रैल (आरएनएस)। रायपुर से महासमुंद जाने वाले मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ बताया जा रहा है।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार रेत से भरे हाईवा ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग वाहन के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा काफी तेज गति में था और सड़क पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर इक_ा हो गई। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी जांच की जा रही है ताकि हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रेत से भरा हाईवा लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह गंभीर दुर्घटना हुई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और भारी वाहनों के आसपास विशेष सतर्कता रखें। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
त्रिपाठी
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

