रायपुर, 27 अप्रैल (आरएनएस) गोकुल नगर स्थित शासकीय शराब दुकान में सेंधमारी कर शराब और नगदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अरुण यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम सकरी थाना पलारी जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दीपक बाघ ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल की रात करीब 11 बजे से 25 अप्रैल की सुबह 10 बजे के बीच संतोषी नगर गोकुल नगर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान की दीवार तोड़कर अज्ञात आरोपी अंदर घुसा और एक पौवा अंग्रेजी शराब तथा नगदी रकम चोरी कर फरार हो गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना टिकरापारा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई शराब और नगदी रकम बरामद की गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

