०शहर के भीतर खुलेआम गड़बड़ी की खबर को बताया निराधार
०सड़क निर्माण में गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
सुकमा,27 अप्रैल (आरएनएस)। नगर पालिका सुकमा ने 25 अप्रैल रविवार को दैनिक समाचार पत्र हरिभूमि में प्रकाशित खबर शहर के भीतर खुलेआम गड़बड़ी का खंडन करते हुए इसे निराधार बताया है। नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वार्ड क्रमांक 03 में राजा घर से खोलका घर तक सड़क निर्माण कार्य 17.04.2026 से अधोसंरचना मद के अंतर्गत जारी है और इसमें गुणवत्ता मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है।नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण के बाद 21 दिनों तक क्यूरिंग (पानी छिड़कने) की प्रक्रिया अनिवार्य होती है, ताकि सड़क की मजबूती सुनिश्चित की जा सके। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर क्षतिग्रस्त हिस्से पर वाहन चलाने से सड़क का किनारा टूट गया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। इस घटना के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और स्थिति की समीक्षा की।नगर पालिका ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार को पत्र जारी कर क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन ने साफ किया कि सड़क निर्माण कार्य का अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया है और भुगतान तभी किया जाएगा जब कार्य पूरी तरह गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण पाया जाएगा। नगर पालिका ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही या नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

