० छात्रों को मिला प्रशासनिक अधिकारियों का प्रेरक मार्गदर्शन
सुकमा, 27 अप्रैल (आरएनएस)। शासकीय नवीन महाविद्यालय कोंटा में सोमवार को कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें सामान्य प्रशासन, पुलिस विभाग, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को करियर चयन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों को सही दिशा देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाना और उन्हें लक्ष्य के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, एसडीएम सुभाष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, जनपद सीईओ सुमित ध्रुव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर अभ्यास की अहमियत समझाई। इसके साथ ही छात्रों से सीधा संवाद कर उनके सवालों के उत्तर दिए गए, जिससे कार्यक्रम अधिक प्रभावशाली और संवादात्मक बन गया।
इस अवसर पर एसडीएम सुभाष शुक्ला ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरक कहानी साझा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद यदि इरादे मजबूत हों तो सफलता निश्चित है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें और नियमित अध्ययन को अपनी आदत बनाएं। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य सुरेश बाबू ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। समापन के बाद विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला तथा आयोजन को भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

