पटना,22 जून(आरएनएस)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई विजेंद्रनाथ तिवारी पर लाठी और डंडों से जानलेवा हमला किया गया है। गंभीर हालत में उन्हें गोपालगंज मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने उन्हें पटना के एक अस्तपाल में रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह जानलेवा हमला जमीनी विवाद के चलते किया गया है। फिलहाल बिहार पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना अभिनेता के पैतृक गांव बेलसंद में घटित हुई है, जो गोपालगंज जिले के बरौली कस्बे में स्थित है। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कर ली गई है। अब उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। परिवार की ओर से अभी तक मामले में लिखित में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। औपचारिक शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
उधर पंकज ने इस मामले पर कोई बयान साझा नहीं किया है। वहीं परिवार ने भी अब तक मामले पर मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया है। काम के मोर्चे पर, अभिनेता को आखिरी बार फिल्म मेट्रो… इन दिनों (2025) में देखा गया था। इन दिनों वह अपनी आगामी फिल्म ‘मिजऱ्ापुर: द मूवी’ को लेकर चर्चा में हैं, जो 4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें अली फज़ल, दिव्येंदु और श्वेता त्रिपाठी जैसे सितारे भी हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

