बीजापुर,27 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में आगामी जनगणना कार्य को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके तहत जनगणना से जुड़े कर्मचारियों की तीन दिवसीय सघन प्रशिक्षण प्रक्रिया आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस अभियान में जिले के कुल 594 प्रगणक और 105 सुपरवाइजर भाग लेंगे, जिन्हें फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है।प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जनगणना का प्रथम चरण 1 मई से 30 मई तक संचालित किया जाएगा, जिसमें मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक सांख्यिकीय जानकारी एकत्र करेंगे।जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर संबित मिश्रा ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से सतर्क रहें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान केवल सांख्यिकीय आंकड़े एकत्र किए जाते हैं, न कि व्यक्तिगत जानकारी।साथ ही, नागरिकों को यह भी जानकारी दी गई है कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी जैसे ओटीपी, बैंक खाता नंबर, पैन कार्ड या आधार नंबर नहीं मांगा जाएगा। यदि कोई ऐसी जानकारी मांगता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी प्रदान कर सरकार के नीति निर्माण में सहभागी बनें।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

