जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को सुदृढ़ करने 27 अप्रैल से 11 मई तक विशेष अभियान
सारंगढ़ बिलाईगढ़ 27 अप्रैल 2026 (आरएनएस) छत्तीसगढ शासन के निर्देशानुसार ज़िले में जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 27अप्रैल से 11 मई तक एक विशेष पन्द्रह दिवसीय जाँच अभियान की शुरुआत की गई। ‘सही दवा शुद्ध आहार’, “यही है छत्तीसगढ का आधार” की थीम पर आधारित इस अभियान का मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण दवाएँ और मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने इस मुहिम को प्रभावी बनाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित करते हुए पृथक पृथक प्रकोष्ठों का गठन किया है। इस महाअभियान की शुरुआत के ही दिन खाद्य औषधि विभाग की टीम द्वारा सारंगढ़ ग्रामीण क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया तथा छोटे छोटे ठेले, गुमटी, होटल, कोल्डड्रिंक सेंटर, व किराना दुकानों में जाकर निरीक्षण किया गया एवं उनको खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कुछ जगह पर अखाद्य रंग से निर्मित जलेबी तथा कालातीत खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। जगह जगह उपस्थित लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया तथा जिन दुकानदारों के पास आवश्यक खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया उनको पंजीयन हेतु निर्देशित किया गया। आम जनता से भी अपील किया गया कि खाद्य पदार्थों का उपभोग जांच परख कर ही किया जाए। किसी भी प्रकार का अगर कोई शिकायत हो तो विभाग को सूचित करने की अपील की गई।


