० सड़कें डामर, पत्थर का रास्ता नहीं ये शिक्षा, हेल्थ, समृद्धि के द्वार खोलती हैं
=केशव सल्होत्रा =
जगदलपुर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिवनी में सोमवार को विकास और जन-सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल हुई। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य मंत्री तथा स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में कुल 1 करोड़ 55 लाख 86 हजार रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। 27 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हमारी सरकार बस्तर के अंतिम छोर तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज जिन सड़कों और डिजिटल केंद्रों का भूमिपूजन हुआ है, वे आने वाले समय में ग्रामीणों के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव लाएंगे। मंत्री ने आगे कहा, सड़कें केवल पत्थर और डामर का रास्ता नहीं होतीं, बल्कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य और समृद्धि के द्वार खोलती हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से हम युवाओं और ग्रामीणों को सीधे आधुनिक तकनीक से जोड़ रहे हैं, ताकि वे शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उठा सकें।
विकास की इस कड़ी में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया, जिसके तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के माध्यम से सिवनी से खालेपारा और सिवनी से आमागुड़ापारा तक की महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया, जिनकी लागत क्रमश: 73.30 लाख रुपए और 55.18 लाख रुपए है। डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बड़ेआमाबाल और बड़े अलनार में 5-5 लाख रुपए की राशि से ‘अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रÓ की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके अतिरिक्त, शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करते हुए जिला शिक्षा विभाग द्वारा सोनारपाल के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5 लाख रुपए की लागत से प्रार्थना शेड निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई, जिससे भूमिपूजन के कुल कार्यों की राशि 143.48 लाख रुपए रही।

समारोह के दौरान पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इसमें मुख्य रूप से बस्तर विकास प्राधिकरण द्वारा 6.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित बड़े आमाबाल का सांस्कृतिक भवन और विधायक निधि से 5.88 लाख रुपए की लागत से सोनारपाल में गणेश मण्डली के समीप नवनिर्मित शेड व टाइल्स कार्य शामिल है। कुल 12.38 लाख रुपए के इन लोकार्पण कार्यों के साथ मंत्री केदार कश्यप और उपस्थित अतिथियों ने क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
०००

