जगदलपुर/बस्तर, 28 अप्रैल (आरएनएस)। बस्तर थाना क्षेत्र के रेटावंड गांव में एक बाहरी परिवार को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, ओडिशा से आया यह परिवार पिछले कुछ समय से गांव में रह रहा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परिवार के साथ जुड़े एक पास्टर द्वारा गांव में धर्म प्रचार किया जा रहा है, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
विवाद उस समय बढ़ गया जब ग्रामीणों और पास्टर पक्ष के बीच कहासुनी के बाद स्थिति मारपीट तक पहुंचने लगी। घटना के बाद मामला बस्तर थाने पहुंचा, जहां एक विशेष समुदाय के लोगों ने आवेदन देकर परिवार के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोगों को गांव में स्थायी रूप से रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और धर्म प्रचार जैसी गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। इसी मांग को लेकर उन्होंने विरोध जताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों—ग्राम प्रतिनिधियों, सरपंच, कोटवार और संबंधित परिवार—को थाने बुलाकर चर्चा की। समझाइश के बाद यह सहमति बनी कि परिवार बच्चों की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद गांव छोड़ देगा।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने और भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की सख्त हिदायत दी है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

