बालोद, 28 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां वैवाहिक जीवन में आई दरार ने एक व्यक्ति को आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय परमानंद यादव, निवासी ग्राम किलेपार (रनचिरई) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, परमानंद यादव की पत्नी कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बीते तीन दिनों से परमानंद अपनी पत्नी को वापस लाने और समझाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं हुई। इससे मानसिक रूप से आहत परमानंद सीधे अपनी पत्नी के प्रेमी के गांव चौरेल (अर्जुन्दा) पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि वहां उसने प्रेमी के घर के सामने ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
अर्जुन्दा थाना प्रभारी इंद्रा वैष्णव के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी के घर छोडऩे से आहत होकर परमानंद ने यह कदम उठाया। मामले में अभी दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

