कोण्डागांव,28 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अविनाश भोई के निर्देशानुसार तथा विनय सिंह, जिला मिशन प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान के मार्गदर्शन में जिले में 20 अप्रैल 2026 से लखपति पखवाड़ा सर्वे अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान चार चरणों में संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़े सभी परिवारों को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए ‘लखपति बनाना है। अभियान के अंतर्गत ऐसे समूह सदस्यों को प्राथमिकता दी जा रही है जिन्होंने अब तक ऋण नहीं लिया है या किसी कारणवश वंचित रह गए हैं। साथ ही, पूर्व में ऋण ले चुके और पुन: आजीविका गतिविधि प्रारंभ करने के इच्छुक सदस्यों को भी शामिल किया जा रहा है।लखपति पखवाड़ा का प्रथम चरण 20 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित किया गया है, जिसमें पात्र समूह सदस्यों का सर्वे एवं चिन्हांकन किया जा रहा है तथा उनकी आवश्यक मांग राशि की जानकारी एकत्रित की जा रही है। द्वितीय चरण 01 मई से 10 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें एकत्रित मांग के आधार पर संकुल स्तरीय संगठन द्वारा मूल्यांकन कर उपलब्ध राशि के अनुसार ग्राम संगठनों को निधि प्रदाय की जाएगी। तृतीय चरण 11 मई से 15 मई 2026 तक निर्धारित है, जिसमें संकुल स्तरीय संगठन से प्राप्त राशि ग्राम संगठन के माध्यम से समूहों को वितरित की जाएगी। इसके पश्चात अंतिम एवं चतुर्थ चरण 16 मई से 20 मई 2026 तक संचालित होगा, जिसमें समूहों को प्राप्त राशि उनके सदस्यों को आजीविका गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।यह सर्वे अभियान संगठन द्वारा एक व्यापक जन-अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

