बालोद,28 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के ग्राम पीपरछेड़ी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तांदुला नहर में नहाने के दौरान पिता और उनकी 12 वर्षीय बेटी तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी 35 वर्षीय यमन गंजीर अपनी बेटी पल्लवी को नहर में तैरना सिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक नहर में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। पास में मौजूद एक अन्य बच्ची दामिनी भी पानी में बहने लगी, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। रेस्क्यू ऑपरेशन को आसान बनाने के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से छोड़े जा रहे पानी के प्रवाह को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया।53कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया, जबकि उनकी 12 वर्षीय बेटी पल्लवी की तलाश अभी भी जारी है। रेस्क्यू टीम नहर के अलग-अलग हिस्सों में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।बताया जा रहा है कि यमन गंजीर अपनी ससुराल ग्राम पीपरछेड़ी आए हुए थे। वे बालोद जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस सेवा में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे और हाल ही में उनका तबादला बालोद मुख्यालय हुआ था।इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने नहर में अचानक बढ़ते पानी के बहाव पर चिंता जताई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और लापता बच्ची की तलाश जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

