भोपाल 28 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मंगलवार शाम जयप्रकाश जिला चिकित्सालय (जेपी अस्पताल) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई एवं प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल वार्ड, पीडियाट्रिक आईसीयू, आईसीटीसी केंद्र,ओपीडी, महिला रोग इकाई सहित शौचालयों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार की गुणवत्ता का फीडबैक लिया और वरिष्ठ चिकित्सकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज के उपचार का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए तथा केस शीट में समुचित रिकॉर्ड दर्ज किया जाए।
कलेक्टर ने अस्पताल में साफ- सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वाश बेसिन में गुटखा-पान की पीक एवं शौचालयों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि अस्पताल का समस्त स्टाफ आईडी कार्ड एवं निर्धारित ड्रेस कोड में कार्य करें, ताकि मरीज एवं उनके परिजन आसानी से उन्हें पहचान सकें। सिविल सर्जन द्वारा अवगत कराया गया कि आउटसोर्स कर्मचारियों को छोड़कर शेष स्टाफ को आईडी कार्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं।
स्ट्रेचर पर गंदी चादर पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि लिनन की धुलाई करने वाली लॉन्ड्री एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से जुड़ी एजेंसी के अधिकारी नियमित रूप से स्वयं निरीक्षण करें। साथ ही, अस्पताल में स्थापित फायर एक्स्टिनगुइशर के उपयोग हेतु स्टाफ को समय-समय पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर मिश्रा ने अस्पताल के नवीन भवन का निरीक्षण करते हुए नाले को कवर करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वाहन स्क्रैपिंग पॉलिसी के अंतर्गत परिसर में खड़ी पुरानी एवं अनुपयोगी गाडिय़ों के शीघ्र निस्तारण के लिए कहा।
तेज गर्मी को देखते हुए उन्होंने वेटिंग एरिया में कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु नियमित रूप से एम्प्लाइज फीडबैक फॉर्म भरवाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन, एसडीएम अर्चना शर्मा एवं आरएमओ डॉ. प्रमेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

