नईदिल्ली, 29 अपै्रल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने अपना जोरदार फॉर्म जारी रखा। उन्होंने इस सीजन के 40वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 59 रन की पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का कुल 11वां अर्धशतक रहा। इसके साथ-साथ यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली चौथी 50+ रन की पारी रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
प्रभसिमरन ने पारी का पहला ओवर करने आए जोफ्रा आर्चर के खिलाफ लगातार 2 चौके लगाकर अच्छी शुरुआत की। दाएं हाथ के इस आक्रामक बल्लेबाज ने मुल्लांपुर स्टेडियम में विपक्षी गेंदबाजों के खिलाफ जमकर बल्लेबाजी की और 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 44 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। इस बीच उन्होंने कूपर कोनॉली (30) के साथ 59 रन की साझेदारी की।
प्रभसिमरन ने आईपीएल 2026 में अब तक 8 मैचों की 7 पारियों में 57.66 की औसत और 179.27 की स्ट्राइक रेट के साथ 346 रन बनाए। इस बीच उन्होंने नाबाद 80 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक लगाए। वह पंजाब किंग्स की ओर से इस सीजन में फिलहाल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पंजाब किंग्स की टीम में उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 300+ रन बनाए हैं।
प्रभसिमरन ने अपना पहला आईपीएल मुकाबला साल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 59 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 58 पारियों में 28.96 की औसत और 156.93 की स्ट्राइक रेट से 1,651 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस खिलाड़ी के बल्ले से 1 शतक के अलावा 11 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन का रहा है। प्रभसिमरन ने विकेटकीपर के तौर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

