New Delhi 29 April, (Rns) /- देश की सबसे बड़ी मर्डर मिस्ट्री के रूप में सामने आई मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड से ट्विस्ट खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। ये बात तो आपको पता ही होगी कि, अपने पति की जघन्य हत्या की मास्टरमाइंड कथित पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग कोर्ट ने कुछ पाबंदियों के साथ 50 हजार के मुचलके पर जमानत दे दी है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि, कोर्ट को सोनम की जमानती रकम देकर उसके कैरेक्टर की जमानत लेने वाला कौन है?
आपको जानकर हैरानी होगी, लेकिन सोनम की जमानत किसी और ने नहीं बल्कि उसके पिता देवी सिंह ने ली है। ये वही पिता हैं जिन्होंने हत्याकांड का खुलासा होने के बाद अपनी बेटी से सारे रिश्ते-नाते तोड़ने, कभी उसका चेहरा न देखने और उसे फांसी की सजा दिलाने का दावा किया था। लेकिन आज उन्हीं पिता ने अपनी बेटी की जमानत के लिए शिलॉन्ग पहुंचकर न सिर्फ 50 हजार की रकम कोर्ट में जमा की, बल्कि शिलॉन्ग के एक होटल संचालक को भी जमानती बनवाया है।
राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में 11 महीने से शिलांग की जेल में बंद सोनम रघुवंशी मंगलवार देर शाम रिहा हो चुकी है। फिलहाल, वो अपने पिता के साथ शिलॉन्ग में ही है। जब सोनम का नाम राजा रघुवंशी की हत्या में सामने आया था, तब उनके पिता देवी सिंह रघुवंशी ने कहा था कि, सोनम हमारे लिए मर चुकी है। लेकिन अब उन्होंने ही बेटी के इस जघन्य अपराध के बारे में जानते हुए शिलॉन्ग पहुंचकर पचास हजार रुपये के मुचलके पर उसकी जमानत कराई है। हालांकि सोनम का भाई गोविंद आज भी अपनी बात पर कायम है और फिलहाल इंदौर में ही है

