कोलकाता,29 अपै्रल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें से 11 सीटें कोलकाता में हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने दावा किया है कि कोलकाता की सभी 11 सीटों पर उनकी पार्टी जीत दर्ज करेगी। साथ ही पूरे बंगाल में ममता बनर्जी 250 से ज्यादा सीटें हासिल करेंगी…। ” साथ ही सुदीप ने बंगाल की जनता पर भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेंगी। आज सुदीप बंदोपाध्यायने कहा कि इस बार भी कोलकाता की 11 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की जीत होगी। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जो निंदनीय है। सुदीप ने कहा कि वह कोलकाता से छह बार के सांसद हैं, लेकिन उन्होंने पहले कभी चुनाव आयोग की ऐसी भूमिका नहीं देखी, जहां उसे भाजपा की “बी टीम” की तरह काम करते देखा जा रहा हो। उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी के समर्थक बहुत मजबूत हैं और तृणमूल निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी। सुदीप ने यह भी कहा कि गुजरात से आकर जो लोग बंगाल की सत्ता छीनने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें राज्य की जनता ने रोकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वे प्रार्थना करते हैं कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह सात मई को कोलकाता आकर देखें कि बंगाल में सरकार कैसे बनती है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

