0-ममता बनर्जी ने फिर से तृणमूल तो शुभेंदु ने किया भाजपा सरकार का दावा
0-मतदान के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत, केंद्रीय बल के जवान पर गंभीर आरोप
कोलकाता,29 अपै्रल (आरएनएस)। बंगाल में प्रथम चरण के तर्ज पर ही दूसरे चरण में आज हुए मतदान हिंसा से रहित न हो सका। महानगर कोलकाता हो या फिर हावड़ा, हुगली, नदिया हो या फिर बर्द्धमान छिटपुट हिंसा ओर तनाव के बीच बंपर वोटिंग हुई है। अधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि, शाम के 5 बजे तक 90 प्रतिशत मतदान रिकॉड दर्ज हुआ। ऐसे में दूसरे चरण में 142 सीटों के लिये 1448 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। मटियाबुर्ज सहित तमाम संवेदनशील इलाकों में भी मतदान में अभूतपूर्व शांति देखी गई। आज जिन जगहों पर मतदान हुए है अधिकत्तर जगहों पर मतदाताओं ने बिना डर भय के मतदान करने की बात की। हावड़ा में मतदान के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति पूर्णचंद्र दलुई की मौत हो गई, परिवार का आरोप है कि केंद्रीय बल के जवान ने उन्हें धक्का दिया। बेहाला के वार्ड 127 में केंद्रीय बलों द्वारा कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं की पिटाई के आरोप लगे। वहीं मीनाखां के टीएमसी नेता ने सुरक्षा बलों और भाजपा के बीच साजिश का आरोप लगाया
शालीपुर के बूथ नंबर 32 और 40 में तोडफ़ोड़ और तनाव की खबर है। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक पूर्व बर्द्धमान में सबसे अधिक 92.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जबकि सबसे कम 86.11 प्रतिशत मतदान कोलकाता दक्षिण में हुआ है। इसके अलावा हुगली जिले में 90.34 प्रतिशत, हावड़ा में 89.44 प्रतिशत, कोलकाता उत्तर में 87.77 प्रतिशत मतदान हुआ है। उधर नदिया जिले में 90.27 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 89.74 प्रतिशत, तथा दक्षिण 24 परगना में 89.57 प्रतिशत मतदान हुआ है। दूसरे और आखिरी चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर सीट पर आमने-सामने हैं। इसके अलावा राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम, अरूप बिश्वास, जावेद खान, सुजीत बसु, शशि पांजा समेत ममता सरकार के कई मंत्री, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार, माकपा की नेता मीनाक्षी मुखर्जी और दीप्शिता धर शामिल हैं। आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म और हत्या की शिकार हुईं डॉक्टर की मां रत्ना देवनाथ एवं संदेशखाली आंदोलन का चेहरा रेखा पात्र भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार हैं।
अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बाद भी तमाम स्थानों से हिंसा और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई। नदिया जिले के चापड़ा विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 53 पर जाने के दौरान भाजपा एजेंट मुशर्रफ मीर पर हमला किया गया। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कालीघाट में शुभेंदु अधिकारी बूथों का दौरा करने पहुंचे, तब वहां मौजूद तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेरकर चोर-चोर के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भवानीपुर के पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र रासबिहारी में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश करने से रोका गया। पूर्व तृणमूल विधायक और बांग्ला फिल्मों के सुप्रसिद्ध अभिनेता चिरंजीत चक्रवर्ती ईवीएम खराबी के कारण मतदान नहीं कर सके। वे सुबह कोलकाता के चारुचंद्र कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे थे जहां तकनीकी समस्या के चलते मतदान देर से शुरू हुआ। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में पूरे दिन हालात तनावपूर्ण बने रहे। यहां आईएसएफ नेता नौशाद सिद्दिकी के खिलाफ नारेबाजी की घटना से तनाव और बढ़ गया। भीड़ को नियंत्रित करने और हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बासंती विधानसभा क्षेत्र के 76 नंबर बूथ पर भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार पर हमला किये जाने का आरोप लगा। उधर, डायमंड हार्बर के फलता इलाके में ईवीएम पर टेप चिपकाये जाने के आरोपों से राजनीतिक तल्खी बढ़ गई। भाजपा ने एक तस्वीर साझा करते हुए आरोप लगाया कि जिन बटनों पर टेप लगाया गया, उनमें तीसरे नंबर पर भाजपा उम्मीदवार और चौथे नंबर पर माकपा का चुनाव चिन्ह था। भाजपा ने इसके लिये तृणमूल को जिम्मेदार ठहराते हुए पुनर्मतदान (री-पोल) की मांग की है।
इसके अलावा हावड़ा के बाली, उत्तर 24 परगना के बारासात, हाबरा, कल्याणी और शांतिपुर समेत कई इलाकों में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। हालांकि, मतदान वाले इलाकों से हिंसा की कोई बड़ी वारदात सामने नहीं आई। उधर कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सुबह-सुबह कालीघाट स्थित अपने आवास से निकलकर चेतला और पद्मपुकुर रोड इलाके में मतदान का जायजा लेने पहुंच गईं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में ममता ने मतदान प्रक्रिया के दौरान बाहरी पर्यवेक्षकों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोग बाहर से आकर मतदाताओं में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग पर भी पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले बिना परामर्श के किए जा रहे हैं। ममता ने कहा, कई पर्यवेक्षक राज्य के बाहर से आये हैं। वे भाजपा के आदेश पर काम कर रहे हैं। कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। हमने कोर्ट की अवमानना का नोटिस भेजा है, फिर भी कई बाहरी पर्यवेक्षकों को यहां लाया गया है।” दूसरी ओर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के सुबह-सुबह बूथ निरीक्षण करने पर पर तंज कसते हुए कहा कि वे दबाव में आकर सुबह ही मैदान में उतर गई हैं। ममता का जाना तय है।
दक्षिण बंगाल के सात जिलों कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया और पूर्व बर्द्धमान की 142 सीटों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे। राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के साथ-साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी मतदान प्रक्रिया पर पूरे दिन नजर बनाये रही।मतदान वाले इलाकों में केंद्रीय बलों की 2,231 कंपनियों यानी दो लाख से अधिक जवानों की तैनाती की गई थी। सबसे अधिक 274 कंपनियां केंद्रीय बल की तैनाती राजधानी कोलकाता में की गई। जबकि पूर्व बर्द्धमान जिले में 263, हुगली क्षेत्र में 236 कंपनी तैनात रही। इसके साथ ही करीब 40 हजार पुलिसकर्मियों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया था। बहरहाल कई जगहों पर ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर ने शिकायतों पर संज्ञान लेकर शिकायत सही मिलने पर फिर से मतदान कराने का ऐलान किया है।मामला संज्ञान में आने के बाद बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि जहां भी ईवीएम पर काली या सफेद टेप पाई जाएगी, वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा। यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में बूथों पर मशीनों पर इस तरह की टेप पाई जाती है तो उस पूरे क्षेत्र में पुनर्मतदान कराया जाएगा। कई शिकायतें मिली हैं, जिन्हें वेरिफाई किया जाएगा और उसके बाद जहां भी ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ के संकेत मिलेंगे, वहां फिर से मतदान कराया जाएगा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

