भोपाल 29 अप्रैल (आरएनएस)।नगर निगम द्वारा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तरीय बनाने तथा स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित कराते हुए बेहतर कचरा प्रबंधन हेतु प्रभावी कार्यवाही निरंतर की जा रही है साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था में विभिन्न प्रकार से व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही भी की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने जोन क्र. 04 के अंतर्गत वार्ड क्र. 16 में सार्वजनिक मार्ग पर कचरा फेंकने वाले पेट्रोल पम्प संचालक का पता कचरे में मिले कागजों के आधार पर पेट्रोल पम्प संचालक के विरूद्ध स्पॉट फाईन की कार्यवाही की साथ ही वार्ड क्र. 20 के अंतर्गत सड़क पर सी.एण्ड.डी वेस्ट फैलाने वाले दवाखाना संचालक के विरूद्ध भी स्पॉट फाईन की कार्यवाही की और दोनों प्रकरणों में 05 हजार रुपये की राशि वसूल की।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा साफ-सफाई व्यवस्था की सतत् रूप से की जा रही निगरानी के तहत बुधवार को जोन क्र. 04 का स्वास्थ्य अमला अपने अधीनस्थ क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहा था तभी वार्ड क्र. 16 के अंतर्गत सार्वजनिक मार्ग पर कचरा फैला पाया गया। उक्त कचरे में मिले कागजों के आधार पर निगम अमले ने कचरा फेंकने वाले बैरसिया रोड स्थित सोगानी एनर्जी पेट्रोल पम्प का पता ढूंढ़कर संबंधित पेट्रोल पम्प संचालक के विरूद्ध स्पॉट फाईन/चालानी कार्यवाही करते हुए पेट्रोल पम्प संचालक से 03 हजार रुपये की राशि वसूल की और समझाइश दी कि कचरा सदैव पृथक-पृथक डस्टबिन में रखे और कचरा वाहन को ही कचरा दिया जाए अन्यथा और अधिक कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इसी प्रकार जोन क्र. 04 के अमले ने वार्ड क्र. 20 के अंतर्गत अशरफी दवाखाना संचालक द्वारा सी.एण्ड.डी वेस्ट सड़क पर फैंका पाया गया जिस पर निगम अमले ने स्पॉट फाईन करते हुए 02 हजार रुपये की राशि वसूल की और सड़कों पर सी.एण्ड.डी वेस्ट व अन्य प्रकार का कचरा न फेंकने की समझाइश भी दी।

