साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म टॉक्सिक एक बार फिर पोस्टपोन हो गई है. फिल्म पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज होनी थी, लेकिन इसकी रिलीज डेट को आगे खिसकाकर 4 जून 2026 किया गया था. फिल्म टॉक्सिक को लेकर मेकर्स ने नया पोस्ट जारी किया है. इसमें बताया है कि फिल्म की रिलीज को पोस्टपोन कर दिया गया है. अब फिल्म कब रिलीज होगी. मेकर्स इसका बहुत जल्द ऐलान करेंगे. फिल्म टॉक्सिक क्यों पोस्टपोन हुई है, इसका कारण मेकर्स ने एक लंबे चौड़े पोस्ट में बताया है.
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर लिखा है, कुछ फिल्में हम बनाते हैं, और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ. टॉक्सिक ऐसी ही एक यात्रा रही है. सिनेमाकॉन में अपनी फिल्म का प्रदर्शन करना और वैश्विक स्तर पर मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने हमारे उस विश्वास को और पुख्ता कर दिया है जो हम हमेशा से मानते आए हैं कि यह फिल्म विश्व स्तर पर अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने की हकदार है.
उन्होंने आगे लिखा है, टॉक्सिक पूरी हो चुकी है, और हम वर्तमान में वैश्विक वितरण और साझेदारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए, हमने अपनी रिलीज की तारीख में बदलाव करने का निर्णय लिया है. हालांकि हम पहले घोषित 4 जून को फिल्म रिलीज नहीं करेंगे, बल्कि बाद में वैश्विक स्तर पर तय तारीख पर रिलीज करेंगे. टॉक्सिक जल्द ही दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
मेकर्स आगे लिखते हैं, ऐसे समय में जब भारतीय सिनेमा अपनी पहचान बना रहा है और वैश्विक मंच पर इतनी उम्मीदों के साथ कदम रख रहा है, हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम स्तर को ऊंचा उठाएं. एक अभिनेता-निर्माता के रूप में, मैं इस पल को भारतीय फिल्म उद्योग और हम सभी के लिए अपना योगदान देने के अवसर के रूप में देखता हूं, और यह सुनिश्चित करने के लिए समय निकालता हूं कि हमारी फिल्म दुनिया तक उस प्रभाव के साथ पहुंचे जो इसे डालना चाहिए.
हर कदम और हर बदलाव में आपका समर्थन मेरे साथ बना रहा है, और मैं इसके लिए अत्यंत आभारी हूं. कुछ कहानियों में धैर्य की आवश्यकता होती है. कुछ यात्राओं में इसकी मांग होती है. हम आपको एक ऐसी फिल्म देने का वादा करते हैं जिसका आप आनंद लेंगे और जश्न मनाएंगे. एक ऐसी फिल्म जो भारतीय सिनेमा के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण साबित होगी.
बता दें, टॉक्सिक में यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और रुक्मिनी वसंत अहम रोल में नजर आने वाली हैं. टॉक्सिक का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

